![]()
26 जनवरी को पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्य समारोह, महाकवि पद्माकर सभागार में होगा भारत पर्व
सागर। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी के आयोजन को लेकर पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक आज कलेक्टर संदीप जी आर ने की। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जवाबदेही सौंपते हुए निर्देश दिए कि सभी जिम्मेदारियों का क्रियान्वयन तय समय-सीमा में सुनिश्चित किया जाए।
जिला मुख्यालय पर गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। आयोजन स्थल पर की जाने वाली व्यवस्थाओं को लेकर बिंदुवार चर्चा की गई तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए। जिला मुख्यालय के साथ-साथ तहसील, जनपद स्तर एवं सभी शैक्षणिक संस्थाओं में भी गणतंत्र दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
24 जनवरी को होगी फाइनल रिहर्सल
मुख्य समारोह में शामिल होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं परेड की फाइनल रिहर्सल 24 जनवरी को प्रातः 9 बजे पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित की जाएगी। रिहर्सल का निरीक्षण कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा किया जाएगा।
पुरस्कार प्रस्ताव भेजने के निर्देश
कलेक्टर संदीप जी आर ने सभी विभागों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि अधीनस्थ अमले के पुरस्कार प्रस्ताव जिला मुख्यालय पर भेजे जाएं। जिलाधिकारी स्वयं के नाम से कोई प्रस्ताव नहीं भेजेंगे। अधिकारी अपने नाम के प्रस्ताव राज्य स्तरीय पुरस्कारों हेतु पृथक से प्रेषित करेंगे। केवल मैदानी अमले के उत्कृष्ट कार्यों को रेखांकित करते हुए पुरस्कार प्रस्ताव नियत तिथि तक नोडल अधिकारी के पास जमा कराना होगा। पुरस्कार प्रस्ताव उपलब्धियों को स्पष्ट रूप से दर्शाने वाले हों।
15 विभागों की झांकियां होंगी प्रदर्शित
जिला मुख्यालय पर आयोजित मुख्य समारोह में 15 विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों पर आधारित झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। झांकियों के समन्वय हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
सार्वजनिक भवनों पर रोशनी के निर्देश
गणतंत्र दिवस के एक दिन पूर्व जिले के सभी सार्वजनिक भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व की इमारतों पर रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी किए गए हैं। इस संबंध में कलेक्टर ने सभी विभागों के जिलाधिकारियों, नगरीय निकायों एवं जनपद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
महाकवि पद्माकर सभागार में होगा भारत पर्व
गणतंत्र दिवस की संध्या पर महाकवि पद्माकर सभागार में भारत पर्व का आयोजन किया जाएगा। इसमें सांस्कृतिक विभाग से अनुबंधित कलाकारों के साथ-साथ जिले के स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं देशभक्ति गीतों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन स्थल पर जनसंपर्क विभाग द्वारा छायाचित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
अस्थाई अस्पताल बनाने के निर्देश
कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर अस्थाई अस्पताल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर दर्शकों को त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
कलेक्टर संदीप जी आर ने सभी विभागों के जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि भारत पर्व आयोजन स्थल पर स्वयं उपस्थित रहना सुनिश्चित करें।
