![]()
सागर। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि योग से आत्मविश्वास, आत्मशक्ति और स्फूर्ति का विकास होता है। यह प्रसन्नता का विषय है कि आज पूरे प्रदेश और देश में युवा शक्ति और साहस के प्रतीक स्वामी विवेकानंद की जयंती युवा दिवस के रूप में मनाई जा रही है।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सोमवार को स्वामी विवेकानंद जयंती एवं युवा दिवस के अवसर पर पीटीसी मैदान में आयोजित योग कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल एक संत नहीं थे, बल्कि वे युवाओं के विचार, साहस और आत्मविश्वास के प्रतीक थे। उनका संदेश था— “डरो मत, साहस के साथ आगे बढ़ो और लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर प्रयास करते रहो।” आज जो युवा इस सिद्धांत को अपनाकर आगे बढ़ रहे हैं, वे अपने लक्ष्य भी हासिल कर रहे हैं और उनमें आत्मविश्वास की झलक स्पष्ट दिखाई देती है।
मंत्री राजपूत ने कहा कि आज स्वामी विवेकानंद की जयंती पर हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि हम डर और निराशा को छोड़कर साहस और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेंगे तथा अपने कर्मों से एक मजबूत और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करेंगे।
उन्होंने योग दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सूर्य नमस्कार केवल एक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह ऊर्जा और साहस का स्रोत है। सूर्य से हमें विटामिन-डी प्राप्त होता है, जिससे शरीर स्वस्थ और मजबूत रहता है। आज के व्यस्त जीवन में यदि व्यक्ति थोड़ा सा समय भी सूर्य नमस्कार और योग को देता है, तो वह अपने शरीर को स्वस्थ रख सकता है।
मंत्री ने कहा कि जब व्यक्ति बीमार या तनावग्रस्त होता है, तब डॉक्टर भी यही सलाह देते हैं कि पैदल चलें, खेलें और योग करें। सूर्य नमस्कार सबसे सरल और प्रभावी प्राणायाम है, जिसे कम समय और कम स्थान में घर पर भी किया जा सकता है। इसके लिए न बड़े मैदान की आवश्यकता है और न ही विशेष संसाधनों की।
उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोग आज योग कार्यक्रम में शामिल हुए हैं और आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी सभी नियमित रूप से योग अपनाकर स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देंगे।
इस अवसर पर विधायक शैलेंद्र जैन, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, श्याम तिवारी, संभाग आयुक्त अनिल सुचारी, कलेक्टर संदीप आर, जिला पंचायत सीईओ विवेक के.वी., नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, एसडीएम अमन मिश्रा, संयुक्त संचालक शिक्षा एसपीएन बिसेन, जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी भारती निगम, जिला खेल अधिकारी संजय दादर, संतोष सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।


