![]()
सागर। सनातन परंपरा में दान-धर्म और सेवा को विशेष महत्व दिया गया है। मान्यता है कि धार्मिक कार्यों और सेवा भाव से जीवन के कई संकट और अनिष्ट टल जाते हैं। इसी आस्था के साथ सागर के मकरोनिया निवासी एवं सतनाम वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष मनी सिंह गुरोन सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में लगातार सक्रिय रहते हैं।
बताया जा रहा है कि मनी सिंह हाल ही में सिख धर्म के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल फतेहगढ़ साहिब से अपने पिता के उत्तम स्वास्थ्य की अरदास कर सेवा कार्य करने के बाद लौटे हैं। अब उन्होंने अपनी माता त्रपत कौर के अच्छे स्वास्थ्य की कामना को लेकर आगामी नवरात्रि में गढ़पहरा स्थित प्रसिद्ध अनगढ़ देवी मंदिर में सौंदर्यकरण कराने का संकल्प लिया है।
इसके साथ ही नवरात्रि के दौरान उनके निवास पर स्थित शिव मंदिर में दुर्गा सप्तशती पाठ का आयोजन भी किया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले भी मनी सिंह द्वारा गढ़पहरा के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर और अनगढ़ देवी मंदिर में आस्था के चलते जीर्णोद्धार का कार्य कराया जा चुका है।
इस संबंध में मनी सिंह का कहना है कि अनगढ़ देवी मंदिर से उनकी गहरी आस्था जुड़ी हुई है। उन्हें मां अनगढ़ देवी में अपनी छोटी मां सतवंत कौर की छवि दिखाई देती है, इसी वजह से वे समय-समय पर यहां सेवा कार्य करते रहते हैं। अब अपनी माता त्रपत कौर के उत्तम स्वास्थ्य की कामना के साथ उन्होंने एक बार फिर मंदिर के सौंदर्यकरण का संकल्प लिया है, जिसे आगामी नवरात्रि में पूरा किया जाएगा।


