web analytics

Loading

सागर। मकर संक्रांति पर्व के दौरान पतंग उड़ाने की परंपरा के बीच सागर पुलिस ने आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चाइनीज/नायलॉन मांझे के खिलाफ सख्त जनहित एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चाइनीज मांझा न केवल गैरकानूनी है, बल्कि यह बेहद जानलेवा भी है, जिससे अब तक कई गंभीर दुर्घटनाएं और मौतें हो चुकी हैं।

पुलिस के अनुसार चाइनीज मांझा अत्यंत तेज और मजबूत होता है। यह टूटकर हवा में उड़ते हुए सड़कों पर आ जाता है, जिससे विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के गले, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर कट लगने का खतरा रहता है। कई मामलों में गला कटने से निर्दोष लोगों की जान तक जा चुकी है। इसके अलावा यह मांझा पर्यावरण, पक्षियों और पशुओं के लिए भी घातक सिद्ध हो रहा है।

बिक्री और उपयोग दोनों अपराध

सागर पुलिस ने नागरिकों को आगाह किया है कि चाइनीज मांझे की खरीद-बिक्री और उपयोग कानूनन अपराध है। ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति चाइनीज मांझा बेचते या उपयोग करते हुए दिखाई दे, तो तुरंत डायल 112 या सागर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि समय पर दी गई सूचना किसी की जान बचा सकती है।

दोपहिया वाहन चालकों के लिए विशेष सावधानियां

पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। यदि सड़क पर मांझा दिखाई दे, तो वाहन की गति धीमी रखें। गले की सुरक्षा के लिए मफलर, रुमाल या किसी मोटे कपड़े से गला ढकें। हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और उसकी स्ट्रैप सही तरीके से बांधें। वाहन चलाते समय आगे छोटे बच्चों को न बैठाएं। सड़क पर किसी भी धागे या मांझे के दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दें।

जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील

सागर पुलिस ने कहा है कि पतंग उड़ाना उत्सव का आनंद है, लेकिन यह आनंद किसी की जान की कीमत पर नहीं होना चाहिए। पुलिस ने नागरिकों से केवल साधारण सूती मांझे के उपयोग, चाइनीज मांझे के पूर्ण बहिष्कार और दूसरों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की है।

पुलिस ने दो टूक शब्दों में कहा है— “आपकी सतर्कता किसी की जिंदगी बचा सकती है। सागर पुलिस आपके साथ है, आपकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।”

Home
Video
E-Magazine
Search