![]()
इंदौर जल संकट मामले में दोषियों पर कार्रवाई व मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की बर्खास्तगी की मांग
सागर। इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से हुई दर्दनाक घटना और इस मामले में जनहित के सवालों पर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा दिए गए कथित असंवेदनशील, अमर्यादित एवं अशोभनीय बयान के विरोध में सागर जिला युवा कांग्रेस का आंदोलन लगातार जारी है।
इसी क्रम में युवा कांग्रेस नरयावली के तत्वाधान में सदर कैंट क्षेत्र से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पोस्टकार्ड भेजे गए। यह विरोध प्रदर्शन युवा कांग्रेस नरयावली अध्यक्ष रोहित वर्मा एवं ब्लॉक युवा कांग्रेस सदर कैंट अध्यक्ष समीर मकरानी के नेतृत्व में किया गया। पोस्टकार्ड के माध्यम से मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, इंदौर महापौर एवं संबंधित पार्षदों को तत्काल पद से बर्खास्त किए जाने तथा पूरे मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस नरयावली अध्यक्ष रोहित वर्मा ने कहा कि इंदौर में दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत हो चुकी है और बड़ी संख्या में नागरिक बीमार हैं। यह कोई हादसा नहीं बल्कि भाजपा सरकार की गंभीर लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इंदौर के नागरिक गंदा पानी पीने को मजबूर हैं और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के असंवेदनशील, अमर्यादित एवं अशोभनीय बयान को युवा कांग्रेस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
ब्लॉक युवा कांग्रेस सदर कैंट अध्यक्ष समीर मकरानी ने मंत्री के बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि इस पूरे मामले में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, इंदौर महापौर एवं संबंधित पार्षदों की जवाबदेही तय की जाए और सभी को तत्काल पद से बर्खास्त किया जाए।
पोस्टकार्ड अभियान में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि उमाहिया सहित रुस्तम मकरानी, सत्यम सिंह, पवन राय, मुजीब मकरानी, रोहित अहिरवार, कल्याण सिंह, मुकेश कुमार, वीरेन्द्र कुमार सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
