web analytics

Loading

सागर |शहर के भीतर बाजार स्थित जवाहरगंज वार्ड में लगातार हो रही चोरियों से व्यापारियों में भय का माहौल बन गया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराज व्यापारियों ने अब पुलिस के भरोसे न रहकर स्वयं निजी सुरक्षा गार्ड तैनात करने का निर्णय लिया है।

व्यापारी संघ के प्रतिनिधि विकास केसरवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि 30 दिसंबर 2025 की रात एक गल्ला व्यापारी की दुकान के शटर के दोनों ताले तोड़कर चोरी की गई। 31 दिसंबर की सुबह जब व्यापारी रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचा, तो शटर खुला मिला। जांच करने पर पेटी में रखे करीब ₹22,000 नगद, 8 से 10 दाल की बोरियां और एक काले रंग का बैग चोरी होना पाया गया। इस संबंध में कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

व्यापारी मुकेश साहू ने बताया कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए नया तरीका अपनाया। भीतर बाजार में लगी डीपी से 9 फेस के कनेक्शन काट दिए गए, जिससे पूरे बाजार की बिजली गुल हो गई और कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरे बंद हो गए। इससे अंदेशा है कि चोर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के इरादे से आए थे।

जवाहरगंज वार्ड के पार्षद डब्बू साहू ने कहा कि वे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर वार्ड में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग करेंगे।

विजय साहू ने बताया कि 5 जनवरी, सोमवार को दोपहर 1 बजे भीतर बाजार के सभी व्यापारी एकत्रित होकर जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपेंगे और शीघ्र चोरों की गिरफ्तारी की मांग करेंगे।

व्यापारी राजू केसरवानी, संजय चंदेरिया और मनीष नायक ने बताया कि व्यापारियों की सामूहिक सहमति से भीतर बाजार में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक निजी सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएंगे, जिनका खर्च सभी व्यापारी मिलकर वहन करेंगे।

इस संबंध में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे, जिनमें राकेश केसरवानी, अखिलेश केसरवानी, प्रशांत केसरवानी, अभिषेक साहू, राजा केसरवानी, विशाल केसरवानी, सूरज गुप्ता, रजत केसरवानी, शुभम केसरवानी, संतोष केसरवानी, रोशन केसरवानी, राहुल जैन, गणेश गुप्ता, शेलू गुप्ता, मुक्कू गुप्ता, लकी केसरवानी, इंद्र गुप्ता सहित अन्य व्यापारी शामिल थे।

Home
Video
E-Magazine
Search