![]()
₹10.40 लाख नकद व मोटरसाइकिल बरामद, तीनों आरोपी गिरफ्तार
सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र में 14 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस की तत्परता से लूट में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से ₹10 लाख 40 हजार नगद राशि एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
घटना 15 दिसंबर 2025 की है, जब मोलाली पुल, खुरई रोड सागर पर अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति की आंखों में मिर्ची डालकर मारपीट की और ₹14 लाख रुपये नगद लूटकर फरार हो गए। मामले की सूचना पर फरियादी पंकज केसरवानी पिता स्व. ब्रजभूषण केसरवानी (53), निवासी जवाहरगंज वार्ड, थाना कोतवाली सागर की रिपोर्ट पर थाना मोतीनगर में तीन अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) के तहत मामला दर्ज किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सागर विकास कुमार शाहवाल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उइके, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने उसी दिन कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की और संदेह के आधार पर भूपेन्द्र पिता स्व. भवानी सिंह राजपूत (40), निवासी ग्राम बम्होरी रेंगुवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों धर्मेन्द्र ठाकुर एवं कुलदीप दांगी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने दिल्ली, नेपाल सहित कई संभावित स्थानों पर दबिश दी। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने दोनों फरार आरोपियों—
धर्मेन्द्र पिता वीरसिंह ठाकुर (38), निवासी ग्राम सेमरा कला सिहोरा, थाना राहतगढ़,
कुलदीप पिता राजेन्द्र सिंह दांगी (23), निवासी पिपरिया बिलहरा, थाना सुरखी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों के कब्जे से लूट की गई राशि में से ₹10,40,000 नगद एवं घटना में प्रयुक्त ₹1.50 लाख कीमत की मोटरसाइकिल सहित कुल ₹11,90,000 का मशरूका जब्त किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिनके खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
आपराधिक रिकॉर्ड:
भूपेन्द्र ठाकुर (40 वर्ष) – कुल 02 अपराध
धर्मेन्द्र ठाकुर (38 वर्ष) – कुल 01 अपराध
इस पूरे प्रकरण के खुलासे में थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, उप निरीक्षक ललित बेदी, जय सिंह, गौरव गुप्ता, प्रधान आरक्षक दिनेश यादव, बीरेन्द्र शर्मा, नदीम शेख सहित आरक्षक पवन, लखन, अंचल, सत्येन्द्र सिंह, अनुराग, अखलेश, संजय, दिनेश कामर एवं सोमवीर की सराहनीय भूमिका रही।

