![]()
सागर के तिली चौराहा स्थित प्रेम परिणय गार्डन में सोमवार को अखिल भारतीय ब्राह्मण सभा द्वारा उत्तरायण पर्व महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्वालियर से पधारे एडवोकेट पं.अनिल मिश्रा रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यदि सच बोलना बगावत है, तो वे स्वयं को बड़ा बागी मानते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान संवैधानिक व्यवस्था में ब्राह्मणों सहित पूरे सवर्ण समाज के साथ सरकारों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से दमन किया जा रहा है, जिसका वे पुरजोर विरोध करेंगे, भले ही इसके लिए उन्हें कितनी भी बार जेल क्यों न जाना पड़े।
एडवोकेट पं.अनिल मिश्रा ने संतोष वर्मा और फूलसिंह बरइया द्वारा बहन-बेटियों पर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सनातन और शंकराचार्य का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही एससी-एसटी एक्ट में संशोधन की आवश्यकता बताते हुए कहा कि बिना जांच सीधे कार्रवाई किसी के निर्देश पर नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरक्षण नीति की समीक्षा की मांग करते हुए कहा कि आरक्षण आर्थिक आधार पर लागू होना चाहिए, क्योंकि सवर्ण समाज के कई लोग भी आज दयनीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष पं.श्याम तिवारी ने कहा कि ब्राह्मण समाज ने राष्ट्र और धर्म के लिए सदैव अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने समाज से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आगे आने का आह्वान किया। नगर महापौर श्रीमती संगीता तिवारी ने कहा कि नारी सृष्टि की सर्जक है और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष की शक्ति भी रखती है। उन्होंने सवर्ण समाज की महिलाओं से अपने अधिकारों के लिए आगे आने का आह्वान किया।
एसवीएन विश्वविद्यालय के संस्थापक कुलपति डॉ. अनिल तिवारी ने कहा कि चाहे मुगलों का अत्याचार हो या अंग्रेजों से मुक्ति का संघर्ष, ब्राह्मण समाज ने हमेशा नेतृत्व किया है, लेकिन आज वही समाज अपने अधिकारों से वंचित महसूस कर रहा है। युवा ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष पं.भरत तिवारी ने कहा कि ब्राह्मण समाज अब अपने स्वाभिमान और अधिकारों के लिए निर्भीक होकर खड़ा है और उसे उचित प्रतिनिधित्व व सम्मान मिलना चाहिए।
कार्यक्रम को विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष पं.अजय दुबे, शिवसेना के उपराज्य प्रमुख पं.पप्पू तिवारी और वेदिका फाउंडेशन की अध्यक्ष शिल्पी भार्गव ने भी संबोधित किया। स्वागत भाषण अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज की जिलाध्यक्ष सुश्री दीपा तिवारी ने दिया। उन्होंने कहा कि जिस देश में नारी की पूजा की जाती है, वहां विप्र समाज की बेटियों के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग असहनीय है और आईएएस संतोष वर्मा पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष युवा नेता रिशांक तिवारी ने जानकारी दी कि सिविल लाइन चौराहा को जल्द ही ‘परशुराम चौराहा’ के नाम से जाना जाएगा और इसके लिए शीघ्र ही शहरवासियों को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती अनुजा मिश्रा और पं.अनुपम बोहरे ने किया तथा आभार प्रदर्शन पुरोहित-पुजारी विद्वत संघ के अध्यक्ष पं.शिवप्रसाद तिवारी ने किया। पूजन एवं मंत्रोच्चार पं.रामचरण शास्त्री, पं.दिनेश पांडेय, पं.महेश दुबे और पं.शिवनारायण शास्त्री द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सागर के अधिवक्ताओं ने पं.अंकलेश्वर दुबे के नेतृत्व में एडवोकेट पं.अनिल मिश्रा का सम्मान किया। आयोजन में सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष शिवशंकर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में विप्र समाज के गणमान्य नागरिक, युवा और महिलाएं उपस्थित रहीं।




